फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद में सीआईए रतिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 किलो 60 ग्राम अफीम के साथ महिला समेत दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली नंबर की कार पर ‘सुदर्शन टूडे’ समाचार पत्र का स्टिकर लगाकर पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए हरियाणा और पंजाब में नशे की खेप पहुंचाने निकले थे।
नाकाबंदी के दौरान धरे गए तस्कर
सीआईए रतिया की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के पास नाकाबंदी की। जांच के दौरान संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने कार समेत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के नीमच जिले के ईश्वर लाल और बैजलपुर निवासी सोना प्रजापति के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि दोनों मध्यप्रदेश से अफीम की बड़ी खेप लेकर हरियाणा और पंजाब में सप्लाई करने आए थे।
‘मीडिया’ स्टिकर और फर्जी आईडी से पुलिस को देते थे चकमा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अपनी कार पर ‘सुदर्शन टूडे’ का स्टिकर लगा रखा था, ताकि चेकिंग के दौरान संदेह न हो। मुख्य आरोपी ईश्वर लाल के पास से चार अलग-अलग आईकार्ड भी बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल वह पुलिस को गुमराह करने के लिए करता था।
पहले भी दर्ज है NDPS का मामला
प्राथमिक जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी ईश्वर लाल के खिलाफ पहले भी पंजाब के बठिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क और इस खेप के अन्य लिंक खंगाल रही है।

