वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिलें में करंट लगने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना पावापुरी ओपी थाना क्षेत्र के साईडीह गांव की है, जहां करंट लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी उपेंद्र पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
बिजली पोल में उतर रहे करंट से हादसा
मृतक के परिजन ने बताया कि उपेंद्र पासवान खेत की ओर गए थे। इसी दौरान वे बिजली के पोल की अर्थिंग की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने परिजनों को दी। परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो उपेंद्र पासवान मृत अवस्था में पड़े थे, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पावापुरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
हरनौत प्रखंड में बुजुर्ग की मौत
वहीं, दूसरी घटना हरनौत प्रखंड अंतर्गत सरथा पंचायत के सरथा गांव की है, जहां बिजली की चपेट में आने से 77 वर्षीय एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
साफ-सफाई करते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान सरथा गांव निवासी स्वर्गीय नौरंगी मोची के 77 वर्षीय पुत्र रोहन रविदास के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र रविकांत कुमार ने बताया कि उनके पिता पिछले करीब 20 वर्षों से गांव के जितेंद्र सिंह के यहां रहकर घर की देखभाल और साफ-सफाई का कार्य करते थे। बुधवार की शाम भी वह रोज की तरह साफ-सफाई करने गए थे। इसी दौरान वह बिजली की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों में मचा कोहराम
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वे बिजली के तार के संपर्क में मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर वेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मुआवजा देने की मांग
वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में साफ-सफाई के दौरान बिजली की चपेट में आने से वृद्ध की मौत होने की बात सामने आई है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। मौके पर पहुंचे हरनौत नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी सुरेश सिंह और ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मृतक के परिजनों को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- रोहतास में विवाहिता ने जहर खाकर दी अपनी जान, खौफनाक कदम उठाने से पहले बनाया वीडियो


