Bihar News: बिहार के खगड़िया जिले में आज सोमवार को एक परिवार के लिए गणेश चतुर्थी और तीज पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। दरअसल परबत्ता प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ के पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना अकहा ढाला और भरसो के बीच मौजूद बंधकट्टा के पास घटी, जहां नहाने के दौरान दोनों भाई गहरे पानी में चल गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान गोविंद कुमार (15) और जय जय राम कुमार (13) के रूप में हुई। दोनों कोलवारा पंचायत अंतर्गत तेलिया बथान गांव निवासी एतवारी मंडल के पुत्र थे। मिली जानकारी के अनुसार गोविंद सुबह 10 बजे के करीब अकहा ढाला और भरसो के बीच बंधकट्टा के पास गंगा के बाढ़ के पानी में नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूबने लगा। बड़े भाई को पानी में छटपटाता देख जय जय राम कुमरा ने भी पानी में छलांग लगा दी। एक-दूसरे को बचाने के क्रम में दोनों भाइयों की डूबने से मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला, जिसके बाद लोग उन्हें लेकर आनन-फानन में परबत्ता सीएचसी केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में जहां, कोहराम मच गया। वहीं, एक ही घर में दो भाइयों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर गोगरी SDO संजय कुमार, SDPO चंदन कुमार ठाकुर सीएचसी पहुंचे और परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की। साथ ही अधिकारियों ने सीओ हरिनाथ राम से घटना की पूरी जानकारी ली। गोगरी एसडीओ ने कागजी कार्रवाई पूरी कराने के बाद पीड़ित परिवार को चार-चार लाख रुपए के सरकारी चेक सौंपा। वहीं, शव का पंचनामा कर दोनों भाइयों के शव को पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही SDO ने आमजनों से अपने बच्चों को नदी के किनारे या बाढ़ प्रभावित इलाके में अकेले जाने नहीं देने की अपील की हैं।
ये भी पढ़ें- शौचालय की टंकी बनी मौत का कुआं, दम घुटने से दो मजदूरों की मौत, सेंट्रिंग खोलने उतरे थे मजदूर



