अनुज पांडेय, गोपालगंज। जिले में महावीरी अखाड़ा मेला देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे दो युवकों की गुरुवार की आधी रात सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मांझा थाना क्षेत्र के दानापुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर घटित हुआ। पुलिस के मुताबिक, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मेला देखकर लौट रहे थे घर
मृतकों की पहचान मुंगरहा गांव निवासी राजेश साहनी के 24 वर्षीय पुत्र जितेश कुमार और उनके मित्र सुजीत प्रसाद यादव के 29 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर गोपालगंज शहर में आयोजित महावीरी अखाड़ा मेला देखने गए थे। मेला घूमने के बाद देर रात दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक दानापुर के पास एनएच-27 पर पहुंची, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया।

मृतक का प्रोफाइल फोटो
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसर गया। जितेश विदेश (दुबई) में शटरिंग का काम करता था और करीब एक महीने पहले ही अपने घर लौटा था। चार भाइयों में सबसे छोटा जितेश कुछ समय अपनों के साथ बिताने आया था, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।वहीं अनुज यमुनानगर स्थित एक प्लाईवुड कंपनी में मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था। अनुज की अचानक हुई मौत से उसकी पत्नी और दो छोटी-छोटी मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है और परिवार पूरी तरह बेसहारा हो गया है।

पुलिस जांच और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मांझा थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और फरार अज्ञात वाहन व उसके चालक का पता लगाने के लिए एनएच-27 तथा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।



