सोनू वर्मा ,नूंह। जिले में अपराध मुक्त अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी तमंचे और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों मामलों में संबंधित थानों में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर जिले में विशेष अपराध विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पहले मामले में थाना सदर तावड़ू पुलिस ने मोहम्मद जुनेद पुत्र आजाद, निवासी बावला को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक देसी बंदूक और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस मामले में थाना सदर तावड़ू में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

दूसरे मामले में सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका की टीम ने रईस पुत्र आमीन, निवासी सलेला, थाना सदर फिरोजपुर झिरका को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में थाना सिटी फिरोजपुर झिरका में एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।