प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में गौ तस्करी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों के साथ बीच सड़क पर मारपीट और डांस कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों युवकों के कपड़े उतरवाए और ‘नागिन’ धुन पर डांस कराया। इसके बाद बेल्ट और लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई की गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

यह पूरा मामला उज्जैन जिले के ग्रामीण क्षेत्र के ढाबला सिया गांव का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दो युवक अर्धनग्न अवस्था में नाचते हुए दिखाई दे रहे है। बताया जा रहा है कि दोनों को गौ तस्करी के आरोप में पकड़ा गया और कपड़े उतरवाकर डांस कराया गया।

ये भी पढ़ें: ड्रम में जलाने की कोशिश, फिर रेत में दफनाया शव: पत्नी ने रची ऐसी खूनी साजिश, जिसे जानकर कांप उठेगी रूह!

वहीं हिंदूवादी संगठन से जुड़े आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ता हाथों में बेल्ट और लाठी-डंडे लिए नजर आ रहे है। वीडियो में कार्यकर्ता नाचते हुए दोनों युवकों की कथित तौर पर पिटाई करते भी दिखाई दे रहे है। घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि लल्लूराम डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

बताया जा रहा है कि वाहन में आठ गायें भरी हुई थीं। यहां ढाबला क्षेत्र से मवेशियों को नागदा और कानवन की ओर ले जाने की शिकायतें लगातार सामने आती रही है। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने वाहन की घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ा था। इधर, सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस के संज्ञान में आया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m