पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। इसराना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बुआना लाखू गांव में शराब पीने से रोकने पर दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। सुबह खेत में पानी देने की तैयारी कर रहे दो दोस्तों पर गांव के ही दो युवकों ने ताबड़तोड़ वार किए। इस खूनी हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

शराब पीने से रोकने पर शुरू हुई थी पुरानी रंजिश

गांव बुआना लाखू निवासी पीड़ित दीपक खेती-बाड़ी का काम करता है। घर से थोड़ी दूरी पर उसकी एक बैठक बनी हुई है। करीब 15 दिन पहले उसकी बुआ का लड़का रोहित उससे मिलने आया था। उस दौरान गांव के दो युवक विनोद और सुमित उसकी बैठक में आ गए थे। रोहित ने दोनों युवकों को शराब पीकर बैठक में न आने की सलाह दी थी। इस बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस हो गई थी। जाते वक्त दोनों आरोपियों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।

तड़के तीन बजे बैठक में घुसकर किया खूनी हमला

घटना के दिन सुबह करीब 3 बजे पीड़ित दीपक और उसका दोस्त सुमित खेत में पानी देने जाने के लिए अपनी बैठक में बैठे थे। तभी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी विनोद और सुमित हाथों में डंडे और नुकीले हथियार लेकर वहां घुस आए। आरोपियों ने बिना किसी बातचीत के दोनों दोस्तों पर हमला बोल दिया। विनोद के पास नुकीली चीज लगा हुआ डंडा था और सुमित के हाथ में भारी लाठी थी। दोनों ने अंधाधुंध वार किए जिससे दीपक के सिर, आंख और बाजू पर गहरे घाव आ गए। उसके दोस्त सुमित को भी गंभीर चोटें आई हैं।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे दोनों दोस्त

हमले के दौरान दीपक किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा और घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने दोनों घायलों को पानीपत के निजी अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोपियों पर पहले भी ऐसे मामले दर्ज हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m