संजय कुमार, जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी को उचाना से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्रि ने रविवार को अपने निवास स्थान पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुना। कार्यक्रम के बाद विधायक ने प्रधानमंत्री के संबोधन में उठाए गए मुद्दों पर चर्चा की और विधानसभा में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।
महिलाओं से जुड़ी योजनाओं का किया जिक्र
कार्यक्रम के बाद देवेंद्र अत्रि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में महिलाओं और उनके हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
विधायक ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज के अलग-अलग वर्गों और देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को सामने रखने का माध्यम बन चुका है।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर साधा निशाना
विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस नेताओं के काले कपड़े पहनकर सदन में पहुंचने के मुद्दे पर भी विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण मंच है। सभी जनप्रतिनिधियों को सदन की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
देवेंद्र अत्रि ने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी जिम्मेदारी से भाग रहा है। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही को लेकर अपनाए जा रहे रवैये से सदन की गरिमा को ठेस पहुंचती है।
पोस्टर फाड़ने की घटना को बताया निंदनीय
दलित नेता जरनेल सिंह के हाथ से पोस्टर छीनकर फाड़े जाने की घटना पर विधायक ने इसे निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति और समाज को अपनी आवाज उठाने और अपने मुद्दे सामने रखने का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी की आवाज दबाने के बजाय उसकी बात सुनी जानी चाहिए। समाज के अलग-अलग वर्गों को अपनी समस्याएं और मांगें शांतिपूर्ण तरीके से उठाने का अधिकार है।


