मुंबई के भांडुप में आयोजित रैली में उद्धव ठाकरे ने बागी नेताओं पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि उनके सामने सिर्फ शिवसैनिक नहीं, बल्कि “जलती हुई मशालें” खड़ी हैं. उद्धव ठाकरे ने मुंबई में शिवसैनिकों से मुलाकात कर शिवसेना में हुए विश्वासघात के लिए माफी मांगी. भांडुप में आयोजित रैली में उद्धव ठाकरे ने बागी सांसदों, बीजेपी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जोरदार हमला बोला.
उन्होंने कहा कि शिवसेना को तोड़ने की सबसे बड़ी कोशिश बीजेपी ने की है. ठाकरे ने कार्यकर्ताओं को कहा कि शिवसेना का नेतृत्व केवल बालासाहेब की विरासत है, कोई ‘बाहरी’ तय नहीं कर सकता.
महाराष्ट्र की राजनीति में सियासी उठापटख के बीच शिवसेना (UBT) गुट में एक बार फिर टूट की स्थिति बनी हुई है. सांसद यूबीटी नेता ओमप्रकाश राजे निंबालकरऔर नागेश पाटिल-आष्टीकर ने रविवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना जॉइन करने की पुष्टि कर दी है.
मुंबई के भांडुप में बागी सांसद संजय दिना पाटिल के गढ़ में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बागी नेताओं और बीजेपी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने रैली में जुटी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘मेरे सामने सिर्फ शिवसैनिक नहीं, बल्कि जलती हुई मशालें खड़ी हैं.’
उन्होंने आगे कहा कि मैं गद्दारों और गद्दारों के पिताओं को धन्यवाद देता हूं. आपने मशाल फिर से प्रज्वलित कर दी है. मैं उस जगह जाऊंगा, जहां विश्वासघात हुआ था और मतदाताओं से माफी मांगूगा. आपने मेरे आदेश का पालन करते हुए उम्मीदवार और मशाल को देखकर खून बहाया और उन्हें चुना. मुझसे बहुत बड़ी गलती हुई कि मैंने गलत उम्मीदवार को चुना था. इसके लिए मैं आप सबसे माफी मांगता हूं.
शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि एक बाहरी व्यक्ति ने सोलापुर में आकर एक नई खोज की है कि आज से केवल एक ही शिवसेना है. बाहरी व्यक्ति यह नहीं जानता कि शिवसेना का गठन मराठी जनता के न्याय के लिए हुआ था. बाहरी व्यक्ति यह तय नहीं कर सकता कि उस शिवसेना का मुखिया कौन है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

