सड़क निर्माण के बाद भी नहीं बनीं नालियां, बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं; ग्रीवेंस बैठक में मंत्री के सामने उठेगा मामला
Ujina Village Drainage Problem : सोनू वर्मा, नूंह। नूंह जिले के उजीना गांव में जल निकासी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। उजीना से सगेल गांव तक सड़क निर्माण के करीब छह महीने बाद भी सड़क के दोनों तरफ नालियां नहीं बनाई गई हैं। इसके कारण गांव में गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को अपने खर्च पर पानी निकालने का इंतजाम करना पड़ रहा है। कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
सड़क बनी, लेकिन नालियों का निर्माण अधूरा
ग्रामीणों के अनुसार, करीब छह महीने पहले उजीना से सगेल गांव तक सड़क का निर्माण कराया गया था। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ नालियां बनाई जानी थीं, ताकि घरों और आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाले पानी की निकासी हो सके। हालांकि, सड़क निर्माण के बाद भी नालियों का काम पूरा नहीं हुआ। इसका खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की समस्या को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी गई है। इसके बावजूद अब तक नालियों का निर्माण शुरू नहीं हुआ। गंदे पानी की निकासी नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का समाधान नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अपने पैसे खर्च करके पानी निकालना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

ग्रीवेंस बैठक में मंत्री के सामने उठेगा मामला
लगातार शिकायतों के बाद भी राहत नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने अब मामले को आगामी ग्रीवेंस बैठक में उठाने का फैसला किया है। ग्रामीण मंत्री के सामने जल निकासी की समस्या रखकर जल्द समाधान की मांग करेंगे। उनकी मांग है कि उजीना गांव के पास सड़क के दोनों तरफ जल्द नालियों का निर्माण कराया जाए, ताकि गंदे पानी की निकासी सुचारू हो सके और लोगों को रोजाना की परेशानी से राहत मिले।

