प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन एक बार फिर ऐतिहासिक दीपोत्सव की साक्षी बनने जा रही है। “सेवा संकल्प अभियान” के तहत आगामी 17 सितंबर को बाबा महाकाल की नगरी के प्रमुख घाटों और भव्य ‘श्री महाकाल लोक’ में 25 लाख से अधिक मिट्टी के दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस विशाल आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

25 हजार वॉलंटियर्स और 11 हजार से ज्यादा ब्लॉक

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि दीपोत्सव को भव्य और रिकॉर्ड स्तर पर आयोजित करने के लिए पूरे क्षेत्र को 7 बड़े सेक्टरों में विभाजित किया गया है। दीप बिछाने और प्रज्ज्वलित करने के लिए 11 हजार से अधिक ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं।

प्रत्येक छोटे ब्लॉक में लगभग 225 दीप रखे जाएंगे।

हर ब्लॉक की सीधी जिम्मेदारी 2 वॉलंटियर्स को दी जाएगी। इस प्रकार कुल 25 हजार वॉलंटियर्स दीप प्रज्ज्वलन की कमान संभालेंगे। सभी 7 सेक्टरों में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करेंगे।

पूर्णतः जनभागीदारी से होगा आयोजन, मंदिर कोष का नहीं होगा उपयोग

कलेक्टर ने शहरवासियों और सामाजिक संस्थाओं से इस दीपोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरा आयोजन शुद्ध रूप से जनभागीदारी और सामाजिक संगठनों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति अथवा सरकारी कोष से कोई राशि खर्च नहीं की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m