प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन के बड़नगर में एक विशालकाय अजगर सांप शिकार के बाद सुस्त पड़ा गया। आबादी वाले इलाके में अजगर का यह रूप देख लोगों में दहशत फैल गई। वहीं सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू करने में पसीने छूट गए। पांच कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत की और अजगर को उठाकर पानी से बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील क्षेत्र के ग्राम धुरेरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने गांव के पास एक विशाल अजगर देखा। आबादी वाले इलाके में अजगर की मौजूदगी से लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय वनरक्षक संजय तिवारी को दी। खबर मिलते ही वनरक्षक संजय तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए वन विभाग की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को सूचित किया।
ये भी पढ़ें: अवैध उत्खनन का खेल: मगरमच्छ के खौफ से रुकी ‘राजस्व’ की जांच, जंगल किनारे बेखौफ चला ‘खनन माफिया’ का राज
संजय तिवारी की सूचना पर पहुंची विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम ने सतर्कता और कुशलता के साथ अजगर का सफल रेस्क्यू किया। अजगर का वजन काफी ज्यादा था। उसका पेट फुला हुआ था, जिसे देखकर लग रहा था कि किसी जीव का शिकार किया हो। रेस्क्यू के बाद टीम अजगर को सुरक्षित अपने साथ उज्जैन ले गई, जहां उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। वन विभाग की इस त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


