बदनावर/गुजरात : उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे गुजरात के श्रद्धालुओं के लिए रविवार का दिन अमंगल साबित हुआ। मध्य प्रदेश के धार जिले में बदनावर-बड़वानी-उज्जैन हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात के 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में 3 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं, जो गुजरात के दाहोद और वडोदरा जिले के रहने वाले थे।

नशेड़ी कंटेनर चालक ने मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दाहोद और वडोदरा से श्रद्धालुओं का यह समूह इको कार में सवार होकर बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन गया था। दर्शन-पूजन के बाद सभी बेहद खुशी के साथ वापस गुजरात लौट रहे थे। इसी दौरान बदनावर रोड पर गलत साइड से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि इको कार के परखच्चे उड़ गए।

गाड़ी काटकर निकालने पड़े शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कार की हालत इतनी क्षत-विक्षत हो चुकी थी कि पुलिस को कटर की मदद से कार की बॉडी को काटकर एक-एक करके छह शवों को बाहर निकालना पड़ा। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक श्रद्धालु को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

आरोपी चालक हिरासत में

धार के एएसपी विजय डावर ने बताया कि हादसा कंटेनर चालक की लापरवाही और गलत दिशा में गाड़ी चलाने के कारण हुआ। आरोपी चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर मेडिकल जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

उज्जैन से लौट रहे श्रद्धालुओं की असमय मौत की खबर मिलते ही दाहोद और वडोदरा में उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और शोक की लहर व्याप्त है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें