प्रदीप मालवीय, उज्जैन। सीमित संसाधनों में असीम हौसले की मिसाल पेश करने वाले उज्जैन जिले के ग्राम कढ़छली के 13 वर्षीय छात्र जयसिंह राठौर की प्रतिभा का डंका अब देश के सर्वोच्च भवन में बजने जा रहा है। नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा में पूरे जिले में टॉप करने वाले इस होनहार छात्र का चयन 28 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष रक्षाबंधन समारोह के लिए हुआ है।
खेत की मेड़ पर बैठकर की पढ़ाई, अब राष्ट्रपति से मिलेगा जयसिंह
शहर से 17 किलोमीटर दूर कढ़छली गांव के साधारण किसान परिवार का बेटा जयसिंह अब सीधे महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा:
असीम लगन और संघर्ष: कढ़छली गांव, जहां बिजली और सुविधाओं की कमी है, वहां खेत की मेड़ पर बैठकर पढ़ने वाले जयसिंह ने अपनी मेहनत से यह सफलता पाई है। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उज्जैन में पढ़ने वाले जयसिंह ने 8वीं में 80% अंक लाकर NMMS परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिससे उसे 4 साल में 48,000 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।
25 अगस्त को वंदे भारत से दिल्ली रवानगी: जयसिंह अपने मार्गदर्शक शिक्षक शैलेंद्र वर्मा के साथ 25 अगस्त को भोपाल से वंदे भारत ट्रेन द्वारा दिल्ली के लिए रवाना होगा।
सीएम और कलेक्टर से हो चुका है सम्मानित
जयसिंह की बहुमुखी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इससे पहले मैथ्स और इंग्लिश ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उज्जैन कलेक्टर और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उसे सम्मानित कर चुके हैं।
दादा-बहनों का अटूट योगदान
जयसिंह के दादाजी जसवंत सिंह सालों से उसे और उसकी बहनों को स्कूल लाने-ले जाने की जिम्मेदारी निभाते रहे हैं। बड़ी बहन शिवानी ने कहा- “भाई इस बार हमारे साथ नहीं होगा इसका दुख तो है, लेकिन महामहिम राष्ट्रपति के साथ रक्षाबंधन मनाएगा, यह पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है।”
वही जयसिंह की बड़ी बहन नेहा राठौर के अनुसार हमारे घर सहित गांव में सभी लोग बहुत खुश हैं घर में बधाई देने वालों का ताता लगा हुआ है। जयसिंह की इस सफलता पर उनके दादाजी जसवंत सिंह राठौर बहुत खुश है और वह कहते हैं कि मेरी मेहनत सफल हो गई मुझे जयसिंह पर बड़ा गर्व है दरअसल जैसे के दादाजी ही सालों से उनकी बहन और उनका स्कूल से लाना और ले जाना करते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

