प्रदीप मालवीय, उज्जैन। Ujjain Khade Hanuman Mandir: खड़े हनुमान मंदिर को लेकर आज सकल हिंदू समाज ने शक्ति प्रदर्शन किया। मंदिर को बचाने और उसके संरक्षण की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुटे। इस दौरान उज्जैन के साथ ही अलग-अलग जिलों से भी लोग पहुंचे।

प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, सकल हिंदू समाज के साथ बड़ी संख्या में संत, साधु-संत और महिला साध्वियां शामिल हुईं। संत समाज और हिंदूवादी संगठनों ने मंदिर परिसर से प्रशासन को चेताया कि मंदिर को हटाने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा।

खड़े हनुमान मंदिर पहुंचे संतों और हिंदूवादी संगठनों ने बताया कि खड़े हनुमान मंदिर को किसी भी कीमत पर यहां से हटने नहीं दिया जाएगा। अगर प्रशासन ने मंदिर को जबरन हटाने की कोशिश की, तो पूरे उज्जैन में आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान सकल हिंदू समाज और संत समाज की ओर से एसडीएम लक्ष्मी नारायण गर्ग को ज्ञापन सौंपकर मंदिर को यथास्थान बनाए रखने की मांग की गई। मंदिर को लेकर बढ़ते विरोध के बीच अब प्रशासन और सकल हिंदू समाज के बीच बातचीत के जरिए समाधान की उम्मीद भी जताई जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m