प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन में 28 सितंबर सोमवार को सड़क चौड़ीकरण के दौरान शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान बवाल हुआ था। इसके बाद सुरक्षा कारणों से बंद छत्री चौक, गोपाल मंदिर और आसपास के बाजार 5 अक्टूबर को एक सप्ताह बाद धीरे-धीरे खोल दिए गए। प्रशासन ने अधिकांश इलाकों से बैरिकेडिंग हटाई, जिसके बाद पैदल आवाजाही शुरू हो गई। हालांकि शाही मस्जिद के आसपास अभी भी बैरिकेडिंग और पुलिस बल तैनात है। कई रास्तों पर अब भी वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हुई है।

लगभग 300 से 500 मीटर के दायरे में पटनी बाजार, छोटा-बड़ा सराफा, नलिया बाखल, छत्री चौक, लखेरवाड़ी, गोपाल मंदिर, ढाबा रोड, खड़े हनुमान और सती गेट से कंठाल तक के क्षेत्र में 250 से अधिक दुकानें और घर प्रभावित रहे थे। व्यापारियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह कारोबार बंद रहने से करोड़ो रुपए का व्यापार प्रभावित हुआ है। आज सोमवार को बाज़ार में दुकानें खुलीं, लेकिन पहले जैसी रौनक नजर नहीं आई। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक अभी बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे है।

ये भी पढ़ें: उज्जैन की शाही मस्जिद मामले में बड़ी कार्रवाई: 35 से ज्यादा आरोपी बनाए गए, 9 को भेजा जेल; स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

रोज कमाने वालों को थोड़ी राहत

शाही मस्जिद के आसपास बैरिकेडिंग होने से आवाजाही सीमित है और कुछ मार्गों पर केवल पैदल आवाजाही हो रही है। कुछ दुकानें सोमवार को खुलीं और बाकी भी धीरे-धीरे खुलने की तैयारी में है। एक सप्ताह बाद दुकानें खुलने से व्यापारियों और रोज कमाने वाले मजदूरों को राहत मिली है। हालांकि बैरिकेडिंग और सीमित आवाजाही के कारण ग्राहक अभी बाजार तक नहीं पहुंच रहे है।

ASP बोले- स्थिति सामान्य

दुकानदारों का कहना है कि त्योहार से पहले यदि पूरी आवाजाही सामान्य होती है तो कारोबार को दोबारा गति मिल सकती है। वहीं शाही मस्जिद क्षेत्र मस्जिद के चारों तरफ सुरक्षा बैरिकेडिंग बरकरार है और पुलिस तैनात है। आसपास की कई दुकानें अभी भी बंद है। उज्जैन एडिशनल एसपी आलोक शर्मा के अनुसार, माहौल अब पूरी तरह समान्य है। सिर्फ शाही मस्जिद के आसपास के क्षेत्र से प्रभावित हिस्से को हटाया जा रहा है, उतने क्षेत्र में ही बैरिकेडिंग की हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m