पीयूष जायसवाल, नागदा (उज्जैन)। मध्य प्रदेश में आवारा मवेशियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बार आवारा मवेशियों ने बैंक के अंदर बवाल काटा! जी हां… नंदी और गाय बैंक के अंदर घुस गए। जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा तफरी मच गई। लोग भागते हुए नजर आए और बैंक से बाहर निकल गए। इस दौरान कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
यह पूरा मामला उज्जैन के नागदा शहर का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, नागदा शहर के महिदपुर रोड स्थित पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में श्रीराम फाइनेंस बैंक में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नंदी और गाय अचानक बैंक के अंदर घुस गए। बैंक में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी घबराकर बाहर निकल आए। कुछ देर तक बैंक का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। इस घटना को किसी ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
ये भी पढ़ें: नरसिंहपुर में शराब कारोबारी से मारपीट: लात-घूसों और बेल्ट से पीटा, फिर अपहरण कर सुनसान इलाके में ले जाकर…
वीडियो में देखा जा सकता है कि बैंक के अंदर नंदी और गाय इधर-उधर भागते हुए नजर आ रही है, वहीं कुछ लोग उसे बाहर निकालने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे है। हालांकि कुछ ही देर बाद नंदी गाय बैंक के बाहर निकल गए। लेकिन इस घटना से एक बार फिर प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है, आवारा मवेशी अक्सर इस इलाके में नजर आते हैं और कई बार दुकानों और संस्थानों के अंदर भी घुस जाते हैं। ऐसे में हर बार स्थानीय गौ-सेवा संगठनों की मदद लेनी पड़ती है।

