प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई। जहां एक युवक ‘पुष्पा’ के गेटअप में पहुंचा। इतना ही नहीं युवक ने बकायदा वीआईपी दर्शन भी किए। वहीं सुरक्षाकर्मी फोटो खिंचवाते दिखाई दिए। वहीं मामला सामने आने के बाद सुरक्षा सुपरवाइजर पर कार्रवाई की गई है। साथ ही इस पूरे मामले की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। फिल्म ‘पुष्पा’ के अल्लू अर्जुन के गेटअप में एक युवक साड़ी, ब्लाउज, नथनी, पायल और नींबू की माला पहनकर मंदिर परिसर में दाखिल हो गया। मंदिर में आपत्तिजनक वेशभूषा और फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद, मानसरोवर गेट पर तैनात आधा दर्जन से अधिक सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने के बजाय उसके साथ सेल्फी ली।
ये भी पढ़ें: नींद ने पहुंचाया सलाखों के पीछे: एसी-कूलर गोदाम में चोरी करने घुसा था चोर, सुबह खर्राटे लेते मिला
हद तो तब हो गई जब एक कर्मचारी उसे वीआईपी प्रोटोकॉल देते हुए गणेश मंडपम तक दर्शन कराने ले गया। इस दौरान युवक ने परिसर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। यह मामला 5 फरवरी का बताया जा रहा है। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने सुरक्षा सुपरवाइजर को हटा दिया है और मामले की आगे जांच के आदेश दिए हैं।

