देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वच्छ हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सोलर लाइटों की स्थापना, पेयजल, विद्युत आपूर्ति के साथ ही स्थानीय निकायों एवं जिला पंचायतों के विकास कार्याें और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 676 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. मुख्यमंत्री द्वारा जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र अल्मोडा के नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 200 सोलर लाइटें उपलब्ध कराने के लिए 35 लाख तथा नगर पंचायत चमियाला में सेंट्रल कंट्रोल मानिटरिंग सिस्टम और एल.ई.डी स्ट्रीट लाईटों की स्थापना के लिए 3.07 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है.

इसे भी पढ़ें- देवभूमि में खतरे का अलर्टः देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी समेत कई जगह होगी भारी बारिश, अचानक बाढ़ की आशंका

मुख्यमंत्री द्वारा नगरीय स्थापना सुविधाओं के विकास मद से नगर निगम देहरादून के घंटाघर से बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक से प्रिंस चौक, प्रिंस चौक से सहारनपुर चौक, बल्लुपुर चौक, सूचना अधिकार भवन से पुलिया नं-06, रिंग रोड तपोवन चौक से लाडपुर चर्च तक सेंट्रल कंट्रोल मानिटरिंग सिस्टम औऱ एल.ई.डी. स्ट्रीट लाईटों की स्थापना के लिए 1.95 करोड़, नगर निगम पिथौरागढ़ के अन्तर्गत एल.ई.डी. स्ट्रीट लाईट पोल एवं सीसीएमएस पैनल की स्थापना किए जाने के लिए 1.99 करोड़ तथा नगर निगम देहरादून के अन्तर्गत एल.ई.डी स्ट्रीट लाइट एवं सीसीएमएस पैनल की स्थापना किए जाने के लिए 3.93 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है.

मुख्यमंत्री द्वारा जनपद नैनीताल की नैनीताल शाखा के अर्न्तगत कृष्णापुर पेयजल योजना के लिए 2.13 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है. मुख्यमंत्री द्वारा कुमाऊं मंडल में 33/11 सब-स्टेशन, उनसे जुड़ी 33 केवी लाइन और 11 केवी फीडर के निर्माण (05 योजनाओं) के लिए 5 करोड़ की स्वीकृति के सापेक्ष ₹ 2.00 करोड़, भारत सरकार द्वारा यूजेवीएनएल लि० की 3 परियोजना के लिए 35 करोड़ के सापेक्ष प्रथम किस्त में 23.10 करोड़ और यूपीसीएल के अन्तर्गत गतिमान परियोजना श्री केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के अन्तर्गत प्रस्तावित 33/11 के०वि० उप संस्थान एवं 33 के०वी० व 11 के०वी० लाईन का निर्माण किए जाने के लिए 212.10 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है.

इसे भी पढ़ें- उत्तराखण्ड में पहले चरण के SIR के बाद 71,33,785 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोगों से की खास अपील

मुख्यमंत्री द्वारा उच्च शिक्षा विभागान्तर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अगस्त्यमुनि में विज्ञान संकाय पीजी भवन के निर्माण किए जाने के लिए 19 करोड़ की योजना स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है. मुख्यमंत्री द्वारा छठवें राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार समस्त जिला पंचायतों को द्वितीय त्रैमासिक किस्त के रूप में 82.21 करोड़ और समस्त शहरी स्थानीय निकायों को द्वितीय त्रैमासिक किस्त के रूप में 325.03 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है.