देहरादून. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सड़क चौड़ीकरण कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कई सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा, गुमखाल–सतपुली सड़क चौड़ीकरण कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की आशंका सामने आ रही है. करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई जा रही कई सुरक्षा दीवारें पहली बारिश से पहले ही अपने भार से धंसने लगी हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर अनावश्यक कटान कर ऊंचे-ऊंचे पुश्ते बनाए गए हैं. बाहर से सीमेंट का लेप और अंदर रोड़े-पत्थर भरकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- निर्जला एकादशी पर हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालु, प्रशासन ने मेला क्षेत्र को 40 सेक्टर में बांटा

आगे गणेश गोदियाल ने कहा, सबसे बड़ी जिम्मेदारी उन अधिकारियों की है जो हर बिल पर यह प्रमाणित करते हैं कि “कार्य संतोषजनक ढंग से पूरा हुआ है.” यदि यही दीवारें पहली ही बरसात में ढह गईं, तो जवाबदेही किसकी होगी? यह आशंका भी जताई जा रही है कि स्थानीय स्तर पर निकाले गए पत्थरों का उपयोग कर भारी भुगतान लिया गया, जबकि निर्माण की गुणवत्ता बेहद कमजोर है. एक-दो साल बाद दीवारें ध्वस्त हो जाएंगी, ठेकेदार अपना भुगतान ले चुका होगा और जिम्मेदार अधिकारी स्थानांतरित हो चुके होंगे.

इसे भी पढ़ें- मौत की ठोकरः खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी स्कूटी, दादा-दादी और 5 साल की पोती मौत, मंजर देख सहम उठे लोग

गणेश गोदियाल ने ये भी कहा कि संबंधित विभाग को तत्काल इस पूरे मामले की जांच कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करनी चाहिए. जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती. “हर शाख पर उल्लू बैठा है, अंजाम-ए-गुलिस्तां क्या होगा…” उत्तराखंड की विकास योजनाओं की स्थिति पर उठ रहे ये सवाल बेहद गंभीर हैं.