देहरादून. उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सड़कों और सरकारी अस्पतालों की दुर्दशा को लेकर भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि रानीखेत को पैचवर्क और उद्घाटन की राजनीति नहीं, बेहतर सड़कें और स्वास्थ्य सुविधाएँ चाहिए! रानीखेत में सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं की हालत लगातार बिगड़ रही है. जहां सड़कों का निर्माण और समुचित डामरीकरण होना चाहिए, वहाँ पैचवर्क करके जिम्मेदारी पूरी मान ली जा रही है.
इसे भी पढ़ें- वह यह भूल गए कि हम कभी… अखिलेश के घुसपैठिए वाले बयान को हरीश रावत ने बताया दुर्भाग्यजनक, BJP के उकसावे में न आने की दी सलाह
आगे उन्होंने कहा कि मंत्री जी और विधायक जी का काम अब क्या सिर्फ गड्ढों पर पैच लगवाना और उसके उद्घाटन की तस्वीरें खिंचवाना रह गया है? जनता ने आपको समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए चुना है. बुनियादी रखरखाव के काम को भी बड़ी उपलब्धि बताकर प्रचारित करना शर्मनाक है.
करन माहरा ने ये भी कहा कि रानीखेत के गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय में मेरे कार्यकाल में हुए कामों का श्रेय लेने की होड़ तो खूब दिखाई दी. कोरोना काल में किए गए कार्यों को भी अपनी उपलब्धि बताने की कोशिश हुई, लेकिन आज जब अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा बंद है, तब जिम्मेदार जनप्रतिनिधि चुप क्यों हैं? गांवों से आने वाले मरीज निजी अस्पतालों में अधिक पैसे खर्च करके जाँच कराने को मजबूर हैं. उनकी परेशानी की जिम्मेदारी कौन लेगा?
इसे भी पढ़ें- एजेंडा तय, अनुपूरक बजट तैयार… पर उत्तराखंड विधानसभा की बैठक से गायब क्यों दिखे कांग्रेसी नेता?
करन माहरा ने कहा कि रानीखेत से विशेषज्ञ चिकित्सकों को लगातार हटाया जाना गंभीर चिंता का विषय है. पहाड़ के इस महत्वपूर्ण अस्पताल को मजबूत करने के बजाय उसकी सेवाएं कमजोर क्यों की जा रही हैं? सरकार स्पष्ट करे कि यहां पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और नियमित जांच सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं.

