देहरादून. कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 जून यानी आज दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आएंगे. प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उनका यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है. कांग्रेस नेता 2027 चुनाव से पहले संगठन को साधने की कोशिश करेंगे. पार्टी उम्मीद कर रही है कि राहुल गांधी का दौरा संगठन में नई ऊर्जा भरने के साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में मदद करेगा.
इसे भी पढ़ें- धन्य है भाजपा, तुमने… ई-टेंडर की शर्तों को लेकर हरीश रावत ने धामी सरकार को घेरा, पूर्व CM ने गंभीर आरोप लगाते हुए कह दी बड़ी बात
अल्मोड़ा में जनसभा को करेंगे संबोधित
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी चार जून को अल्मोड़ा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. उसके बाद पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे. प्रदेश में बड़ी संख्या में सैनिक और पूर्व सैनिक रहते है. ऐसे में राहुल जनसभा के माध्यम से उन्हें साधने का प्रयास करेंगे. उसके बाद पांच जून को राजधानी देहरादून में कांग्रेस नेताओं संग बैठक करेंगे, जिसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी, विधायक और संगठन प्रतिनिधि शामिल होंगे.
पीसीसी चीफ गणेश गोदियाल ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर ट्वीट करके बताया कि आज पौड़ी स्थित कंडोलिया मैदान में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया. कार्यक्रम को सफल, व्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा भी की गई.
इसे भी पढ़ें- पूरा फोकस विकास पर! कई विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए धामी सरकार ने स्वीकृत किया 191 करोड़ रुपए, जानिए कहां खर्च की जाएगी राशि
वहीं यशपाल आर्य ने कहा कि राहुल गांधी का यह आगमन उत्तराखंड की जनता, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों एवं आम जनमानस की आवाज़ को मजबूती देने वाला ऐतिहासिक अवसर है. वर्तमान समय में जब प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा संकट और भ्रष्टाचार जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे समय में राहुल जी का उत्तराखंड आगमन नई ऊर्जा, नई आशा और संघर्ष के संकल्प को और अधिक सशक्त करेगा.

