देहरादून. अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई में जुटे वकील नवनीश नेगी को जान से मारने की धमकी दी गई है. जिसे लेकर यशपाल आर्य का बयान सामने आया है. उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रहे अधिवक्ता नवनीश नेगी को कथित धमकी मिलना बेहद गंभीर है. भाजपा सरकार बताए, उत्तराखंड में आखिर किसके संरक्षण में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब न्याय की लड़ाई लड़ने वाले अधिवक्ता भी सुरक्षित नहीं हैं?
इसे भी पढ़ें- लोकेशन से फिल्म हब बनने की ओर उत्तराखंड, पहली बार फिल्म पुरस्कारों का ऐलान
अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई पहले ही व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर चुकी है और अब उनके पक्ष के अधिवक्ता को धमकी मिलना भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था पर एक और बड़ा प्रश्नचिह्न है. सरकार तत्काल निष्पक्ष जांच कराए, दोषियों को कानून के सामने लाए, अधिवक्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करे और Advocate Protection Act पर ठोस कदम उठाए. देवभूमि में अपराधियों का भय नहीं, कानून का शासन होना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- पुनर्निर्माण और पुनर्वास की भी जांच करिए ना…पूर्व सीएम का बड़ा बयान, जानिए हरीश रावत ने ऐसा क्या कहा?
क्या है पूरा मामला
19 वर्षीय अंकिता 18 सितंबर 2022 को अचानक गायब हो गई. वह ऋषिकेश के निकट वंतारा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थी. पांच दिन बाद 24 सितंबर को ऋषिकेश के नजदीक चिल्ला नहर से अंकिता का शव बरामद किया गया था. मामले में पुलिस ने रिजॉर्ट के मालिक और उसके 2 साथियों को गिरफ्तार किया था.



