देहरादून. उत्तराखंड में चंद महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में भाजपा औऱ कांग्रेस तैयारियों में जुट गई है. दोनों दल एक-दूसरे को पटखनी देने की जुगत में जुट गए हैं. वादों का पिटारा भी अब जनता के लिए खुलने लगा है. सत्ता में बैठी बीजेपी फिर से सरकार में वापसी के लिए लोगों से बड़े-बड़े वादे कर रही है, जिसे लेकर नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने करारा तंज कसा है और भाजपा के वादे को दिखावा करार दिया है. साथ ही भाजपा से कई सवाल भी पूछे हैं. उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की घोषणाएं नहीं, बल्कि हिसाब मांग रही है.

इसे भी पढ़ें- किसी भी मदद के लिए यहां कॉल करें… नेपाल त्रासदी को लेकर USDMA ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

यशपाल आर्य ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा सरकार को जनता की याद क्यों आने लगी? 5 साल तक जनता के सवालों से दूरी और चुनाव आते ही घोषणाओं की झड़ी, अब यह दिखावा नहीं चलेगा. जहां चढ़ावे तक की चोरी के सवाल उठें, कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल हों और गंभीर मामलों में अपने लोगों को बचाने के आरोप लगें, वहां नई-नई घोषणाओं का शोर पुरानी नाकामियों को नहीं ढक सकता.

इसे भी पढ़ें- बारिश, बाढ़ और बर्बादीः भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से जन-धन की क्षति पर CM धामी ने व्यक्त किया गहरा दुःख, कहा- इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि और…

आगे यशपाल आर्य ने ये भी कहा कि भाजपा सरकार पहले अपना 5 साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखे कि कानून-व्यवस्था का क्या हाल रहा? भ्रष्टाचार और अपराध पर क्या कार्रवाई हुई? जनता को कितने वादों का वास्तविक लाभ मिला? रोजगार, महंगाई और जनसुविधाओं पर सरकार ने क्या किया? चुनाव के समय की रियायतें 5 साल की जवाबदेही का विकल्प नहीं हो सकतीं. जनता अब सिर्फ घोषणाएं नहीं, हिसाब मांग रही है.