शिखिल ब्यौहार, गंधवानी (भोपाल)। नीट (NEET) परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक की घटनाओं से आहत होकर गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बलवारी खुर्द की एक होनहार और प्रतिभाशाली छात्रा अवंतिका मौर्य ने असमय दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के बाद मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और क्षेत्रीय विधायक उमंग सिंघार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय अवंतिका मौर्य को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। नेता प्रतिपक्ष ने पीड़ित परिवार को 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
ये भी पढ़ें: RDVV दीक्षांत समारोह: राष्ट्रपति मुर्मू का युवाओं को मंत्र- ‘व्यक्तिगत सफलता नहीं, समाज कल्याण के लिए करें शिक्षा का इस्तेमाल’
यह सिर्फ एक परिवार का नहीं, पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था का दुख है- सिंघार
छात्रा के पिता बनसिंह मौर्य और परिजनों से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार और परीक्षा एजेंसियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अवंतिका जैसी होनहार बेटी का असमय जाना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। उसने NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं और लगातार अविश्वसनीय होती जा रही परीक्षा व्यवस्था से हताश होकर यह आत्मघाती कदम उठाया। यह केवल एक परिवार की क्षति नहीं है, बल्कि पूरे समाज और देश की लचर शिक्षा व्यवस्था की पीड़ा का प्रतीक है।
सरकार और परीक्षा एजेंसियों पर लापरवाही के आरोप
उमंग सिंघार ने सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते जिम्मेदार संस्थाएं जाग जातीं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाती तो आज देश के कई होनहार युवाओं को इस तरह निराशा और हताशा के गर्त में नहीं धकेला जाता। उन्होंने मांग की कि युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास बहाल करना सरकार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: NEET परीक्षा केंद्रों पर 5-स्तरीय चेकिंग के बाद प्रवेश: 1.30 बजे बंद हुए गेट, चंद सेकंड की देरी से 3 छात्राओं को नहीं मिली एंट्री
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार: सिंघार
नेता प्रतिपक्ष ने साफ शब्दों में कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। युवाओं के भविष्य के साथ बार-बार होने वाले ये खिलवाड़ किसी भी सभ्य समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

