सोनू वर्मा , तावडू। तावडू के बालापीर कॉलोनी स्थित एक फैक्ट्री में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। पीड़ित फैक्ट्री मालिक टेक राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी “श्री बालाजी इंडस्ट्रीज” नामक यूनिट, जो चुंदिका बस अड्डा के पास स्थित है, में 2 मई की रात करीब ढाई बजे अज्ञात चोर घुस आए।
चोर फैक्ट्री से लोहे का सामान, जिंक रोल, हार्डिंग पीस, लोहे की प्लेटें, कॉपर का बंडल और पीतल की जाली सहित अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और करीब 5 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए।
तीन आरोपियों की हुई पहचान
घटना के बाद जब फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें चार युवक चोरी करते हुए दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनमें मौसिम (निवासी सुनारी), नसीम (निवासी चुंदिका) और मोहम्मद नजीम (निवासी सुनारी) शामिल हैं, जबकि एक आरोपी की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
खोरी कला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुए सामान की बरामदगी की जाएगी।

