Bihar News: बिहार के भोजपुर से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां आज बुधवार (5 अगस्त) की सुबह करंट लगने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। घटना चांदी थाना क्षेत्र के चांदी गांव की है। घटना के बाद पूरे इलाके के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, एक ही घर में हुई दो मौत को लेकर परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मिठा की दुकान चलाते थे मृतक

मृतकों की पहचान चांदी गांव वार्ड संख्या-10 निवासी महेंद्र साह (56) और संजय कुमार (30) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चाचा-भतीजा थे। मृतक महेंद्र साह चांदी बाजार में मिठा की दुकान चलाते थे, जबिक उनका भतीजा संजय भी उनकी दुकान में काम करता था।

सुबह-सुबह टहलने के दौरान हुआ हादसा

घटना को लेकर मृतक महेंद्र साह के बेटे रवि ने बताया कि, उसके पिता चचेरे भाई के साथ सुबह-सुबह टहलने के लिए चांदी-कुल्हड़िया रोड पर निकले थे। इसी दौरान बंदरों द्वारा उत्पात मचाने के कारण बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिरा हुआ था, जिसपर इन लोगों का ध्यान नहीं गया। उसमें करंट भी आ रहा था। अनजाने में उसके पिता महेंद्र साह ने तार पर पैर रख दिया, जिससे उन्हें करंट लग गया और वह छटपटाने लगे। इस दौरान उनके साथ टहल रहा चेचेरा भाई संजय कुमार उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।

बीच रास्ते में तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलती ही मौके पर परिजन के लोग पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में आरा सदर अस्पताल लेकर रवाना हुए। हालांकि जब तक वे अस्पताल पहुंचते और उनका इलाज शुरू होता, तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों ने बीच रास्ते में ही अपना दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद जहां परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में भी शोक की लहर छा गई।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।

ये भी पढ़ें- नालंदा में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक