बलांगीर. ओडिशा के बलांगीर जिले के तुरेकेला ब्लॉक अंतर्गत खुजेन गांव में एक व्यक्ति की उसके चार भतीजों ने कथित तौर पर हत्या कर दी. मृतक की पहचान तुलाराम जानी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बीती रात जब तुलाराम घर के बाहर सो रहा था, तभी उसका गला रेत कर हत्या कर दी गई.
सूत्रों के अनुसार, यह हत्या जमीन विवाद और जादू-टोने के संदेह को लेकर हुई पारिवारिक रंजिश का नतीजा है. हमले के बाद तुलाराम किसी तरह उठकर अपनी पत्नी और बेटी को आवाज देने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में गिर पड़ा. परिजन उसे तुरेकेला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
Also Read This: Rath Yatra 2025: भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की सुरक्षा पर 265 AI कैमरों से रखी जाएगी नजर…

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार के भीतर लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. मृतक की बेटी ने आरोप लगाया है कि हत्या के पीछे उसके चार चचेरे भाई यानी मृतक के भतीजे शामिल हैं. उसने यह भी कहा कि वे संपत्ति विवाद और जादू-टोने के शक को लेकर नाराज थे.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच जारी है. गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. यह घटना इस बात का उदाहरण है कि किस तरह अंधविश्वास और संपत्ति विवाद ग्रामीण क्षेत्रों में हिंसक घटनाओं को जन्म दे रहे हैं.

