हेमंत गुर्जर, बागली। देवास जिले के सतवास में निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच में एक ही दुकान पर 12 निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म मिलने के बाद दुकान को सील कर दिया गया। मामले में अब निजी स्कूलों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

कलेक्टर के निर्देश पर डीपीसी अजय मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कान्हा कलेक्शन पर कार्रवाई की। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान दुकानदार ने 12 निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म रखने की बात स्वीकार की, लेकिन उससे जुड़े कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद कलेक्टर के प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर दुकान को सील कर दिया गया। टीम ने कुछ निजी स्कूलों का भी निरीक्षण किया।

ये भी पढ़ें: ‘ऐसी रोटी कौन खाता है’: मिड डे मील में बच्चों के भोजन की गुणवत्ता देखकर भड़कीं जिला पंचायत CEO

डीपीसी अजय मिश्रा ने कहा कि जहां भी अभिभावकों को एक ही दुकान से यूनिफॉर्म या किताबें खरीदने के लिए मजबूर किए जाने की शिकायत मिलेगी, वहां संबंधित स्कूलों के खिलाफ एफआईआर सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जिन 12 स्कूलों की यूनिफॉर्म दुकान पर मिली है, उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m