संजय वाणी, आलीराजपुर। जिले के आम्बुआ प्राथमिक शाला में जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम के औचक निरीक्षण के दौरान मिड डे मील की पोल खुल गई। भोजन की गुणवत्ता देखकर सीईओ का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मौके पर ही समूह को फटकार लगाई और कार्रवाई के निर्देश दे दिए।

निरीक्षण के लिए आम्बुआ प्राथमिक शाला पहुंचीं

जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम औचक निरीक्षण के लिए आम्बुआ प्राथमिक शाला पहुंचीं, सबसे पहले उन्होंने बच्चों से बातचीत की और कक्षा में बच्चों को पढ़ाकर उनकी शैक्षणिक स्थिति का जायजा लिया, इसके बाद उन्होंने मिड डे मील का निरीक्षण किया, रोटी की गुणवत्ता देखकर उन्होंने रोटी हाथ में उठाई और नाराजगी जताते हुए कहा, ऐसी रोटी कौन खाता है, उन्होंने दाल की गुणवत्ता भी जांची।

कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान बच्चों के लिए सब्जी नहीं बनाई गई थी, इस पर समूह की महिला से कारण पूछा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सीईओ ने संबंधित समूह को कड़ी फटकार लगाई, साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों को समूह के खिलाफ कार्रवाई करने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सीईओ ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के पोषण और मिड डे मील की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m