केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने भिवानी के पुर गांव में विकास कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने देश में बिजली उत्पादन के रिकॉर्ड आंकड़ों और भविष्य के लक्ष्यों को साझा किया।

अजय सैनी, भिवानी। भिवानी जिला के गांव पुर में सर्व कल्याण मंच हरियाणा के कार्यक्रम में पहुंच केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने 33 गांवों की 104 बेटियों को नि:शुल्क साइकिल वितरित की। इसके साथ-साथ पुर गांव में 90 लाख की लागत से तैयार होने वाले मल्टीपर्पज हॉल व लाइब्रेरी का शिलान्यास किया। केंद्रीय मंत्री के साथ सांसद धर्मबीर सिंह, विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्णा मिढ्ढा, विधायक बवानीखेड़ा कपूर सिंह वाल्मीकि भी थे।

देश के ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भले ही पेट्रोलियम पदार्थों की कमी देश में हो जाए, परन्तु बिजली की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बीते 21 मई को पूरे देश में वर्ष का अधिकतम 271 गीगावाट बिजली खर्च हुआ था, जबकि उत्पादन 274 गीगावाट था, जो कि 3 गीगावाट अधिक है। इसी प्रकार किसी भी प्रकार की कोई कमी बिजली उत्पादन में नहीं आएगी। अगले वर्ष बिजली उत्पादन की सीमा 274 गीगावाट से बढ़ाकर 300 गीगावाट करने की तैयारियों पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि तेल की कमी हुई तो बिजली से चलने वाली गाड़ियां तथा बिजली से चलने वाले रसोई से खाना बनाने के उपकरण का प्रयोग किया जा सकेगा। यह बात उन्होंने आज भिवानी जिला के गांव पुर में सर्व कल्याण मंच हरियाणा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कही। इस मौके पर उन्होंने 104 स्कूली छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित की तथा गांव पुर में 90 लाख की लागत से बनकर तैयार होने वाली मल्टीपर्पज हॉल व लाइब्रेरी की आधारशिला रखी।

हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सर्व कल्याण मंच हरियाणा द्वारा हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े पुराने रोजमर्रा के साधनों की एक प्रदर्शनी की स्टॉलें भी लगाई गई थी, जिनका अवलोकन केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने किया। इस मौके पर मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया है कि हमें तेल का प्रयोग सोच-समझकर करना है। इसके लिए हमें सार्वजनिक वाहनों जैसे मेट्रो, रेल या बस का प्रयोग करना है। निजी वाहन का प्रयोग करते हुए गाड़ी को फुल करते समय अन्य लोगों को भी लाने-ले जाने में मदद करनी है।

ऐसा करने से कम वाहन प्रयोग होंगे तथा पेट्रोल पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा की बचत होगी। इससे देश की ताकत बढ़ेगी तथा तेल पर निर्भरता में कमी आएगी। इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि आम लोगों को सामाजिक कार्यों में अधिक से अधिक भाग लेना चाहिए। वहीं राजनीतिक लोगों को भी सामाजिक संस्थाओं का सहयोग करना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने सर्व कल्याण मंच हरियाणा को 31 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

वहीं इस मौके पर हरियाणा विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्णा मिढ्ढा ने 21 लाख, भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मबीर सिंह ने 11 लाख रुपये संस्था को दिए जाने की घोषणा की। वहीं इस मौके पर साइकिल प्राप्त करने वाली स्कूली छात्राओं ने कहा कि साइकिल प्राप्त करके उन्हें अब स्कूल आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी तथा उनके शैक्षणिक कार्यों को आगे बढ़ाने में साइकिल मदद करेगी। इस पहल से ग्रामीण अंचल की बेटियों में भारी उत्साह देखने को मिला।