प्रवीण भारद्धाज, पानीपत। समालखा के चुलकाना गांव में आयोजित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन समारोह में एक खास और प्रेरणादायक नजारा देखने को मिला। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल खट्टर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और उन्होंने केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, गजेंद्र सलूजा और सरपंच सतीश छोक्कर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अंत्योदय का वास्तविक अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। जब तक हर जरूरतमंद व्यक्ति का उत्थान नहीं होता, तब तक विकास अधूरा है। इसी भावना के साथ गांवों में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र खोले जा रहे हैं ताकि हमारी बेटियां और महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें। शुरुआत में 75 गांवों में यह केंद्र शुरू करने की योजना है, जिसमें चुलकाना भी शामिल है। इस केंद्र में अब तक 70 छात्राओं ने प्रवेश ले लिया है। प्रशिक्षण दो शिफ्टों में चलाया जाएगा और पूरे पाठ्यक्रम की अवधि 70 दिन की होगी।
बिना पर्ची और खर्ची के मिल रही हैं नौकरियां
राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि जब मनोहर लाल खट्टर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां देने की पारदर्शी व्यवस्था शुरू की थी। उन्होंने बताया कि अकेले चुलकाना गांव के 300 से 400 युवाओं को इस व्यवस्था का सीधा लाभ मिला है।
समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना ने कहा कि वे केंद्रीय मंत्री के जीवन से प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति का असली उद्देश्य समाज की सेवा करना है, जो इस प्रकार के विकास कार्यों से साफ झलकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


