कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास अठावले ने राहुल गांधी पर बड़ा सियासी हमला बोला है। अठावले ने कहा कि राहुल गांधी भले ही प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हों लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि जब तक वे नरेंद्र मोदी के साथ हैं तब तक राहुल गांधी पीएम नहीं बन सकते।

‘राहुल गांधी पीएम बनने का सपना देख सकते हैं पर पूरा नहीं होगा’

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि राहुल गांधी का भविष्य अपोजिशन लीडर के रूप में बहुत अच्छा है, लेकिन पीएम पद पर पहुंचना उनके लिए मुश्किल है। हाल ही में पश्चिम बंगाल सहित जिन राज्यों में चुनाव हुए हैं वहां भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। अठावले ने कहा कि राहुल गांधी की पार्टी का बहुमत के आंकड़े तक पहुंचना कठिन है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख सकते हैं पर वह तब तक पूरा नहीं होगा जब तक मैं नरेंद्र मोदी के साथ हूं।’

अठावले ने ओबीसी समाज को लेकर केंद्र सरकार के बड़े फैसले की जानकारी दी

इसके साथ ही अठावले ने ओबीसी समाज को लेकर केंद्र सरकार के बड़े फैसले की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि पूर्व में ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा प्राप्त नहीं था। लेकिन केंद्र सरकार ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देने का निर्णय लिया है। इससे ओबीसी वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा और उनके अधिकार मजबूत होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m