राजेश कथूरिया,कैथल। Kaithal में साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस ने एक अहम कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक Manpreet Singh Soodan ने “साइबर दोस्त डिजिटल ई-हैंडबुक” के नए संस्करण का विमोचन किया। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

इस अवसर पर हिंदी प्राध्यापक Dr Vijay Chawla ने ई-हैंडबुक की विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संस्करण में “एक विद्यार्थी–एक परिवार साइबर जागरूकता मुहिम” को शामिल किया गया है, जिसके तहत विद्यार्थी अपने परिवार और समाज को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।

ई-हैंडबुक में “साइबर रिस्पॉन्डर” की अवधारणा को भी विस्तार दिया गया है, जिससे छात्र साइबर अपराधों की पहचान, रोकथाम और रिपोर्टिंग के बारे में सीख सकें। इसमें ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा, फर्जी लिंक, कॉल धोखाधड़ी, डिजिटल भुगतान सुरक्षा और मजबूत पासवर्ड बनाने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल भाषा में दी गई हैं।

यह डिजिटल पुस्तक QR कोड के माध्यम से आसानी से डाउनलोड की जा सकती है। साथ ही इसमें इंटरैक्टिव गतिविधियां और आत्म-मूल्यांकन के विकल्प भी जोड़े गए हैं, जिससे विद्यार्थी सीखने के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी प्राप्त कर सकें।

एसपी Manpreet Singh Soodan ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में साइबर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह ई-हैंडबुक विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने और एक सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।