उन्नाव. उन्नाव में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को दिए गए उपहारों में कथित तौर पर टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के झंडे जैसी प्रिंटिंग वाले गद्दे मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है.
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने मामले का संज्ञान लेते हुए समाज कल्याण विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं और पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं.
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा मोड़, अब 2 IPS अफसर करेंगे जांच, सुप्रीम कोर्ट सोमवार को ले सकता है बड़ा फैसला
सप्लायर को नोटिस, तीन सदस्यीय जांच समिति गठित
जिलाधिकारी ने गद्दों की आपूर्ति करने वाले सप्लायर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है. समिति यह पता लगाएगी कि संबंधित गद्दों पर ऐसी प्रिंटिंग कैसे पहुंची और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता हुई या नहीं.
459 जोड़ों का हुआ था सामूहिक विवाह
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में कुल 459 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया था. इनमें 457 हिंदू और 2 मुस्लिम जोड़े शामिल थे. विवाह के बाद सभी नवदंपतियों को सरकारी योजना के तहत घरेलू उपयोग का सामान और अन्य उपहार दिए गए थे. इन्हीं उपहारों में शामिल कुछ गद्दों पर टीएमसी के झंडे जैसी प्रिंटिंग देखे जाने के बाद विवाद शुरू हुआ.
प्रशासन बोला- जांच के बाद होगी कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या सप्लायर की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज
गद्दों पर कथित टीएमसी जैसी प्रिंटिंग मिलने के बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है. हालांकि जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार करें.


