पीयूष जायसवाल, नागदा (उज्जैन) मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में 23 वर्षीय युवक की अंधेकत्ल की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे में ही सुलझाकर मामले का खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या उसके ही दोस्त ने शराब पीने के दौरान विवाद में की थी। आरोपी मृतक की बहन से शादी करना चाहता था। शराब के नशे में जब आरोपी ने यह बात कहीं तो मृतक आक्रोशित हो गया और उसने ईंट उठा ली। जिस पर आरोपी ने दूसरी ईंट उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसे गुरुवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड मांगा जाएगा।
सड़क किनारे गड्ढे में 23 वर्षीय लखन की लाश मिली थी
बुधवार शाम 6 बजे मंडी पुलिस थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में सीएसपी विक्रम अहिरवार और मंडी थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया कि मंगलवार शाम 5.30 बजे गांव के समीप सड़क किनारे एक गड्ढे में 23 वर्षीय लखन उर्फ लाला पिता गोविंद मालवीय की लाश मिली थी। मौके की बारीकि से जांच के बाद एफएसएल और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए थे। अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए टीम का गठन किया गया।
ईंट उठाकर सिर पर मार दी
मुखबीर और तकनीकि साक्ष्य के आधार पर जूना नागदा निवासी 20 वर्षीय देव पिता लक्ष्मण चंद्रवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब के नशे में उसने मृतक की बहन से शादी करने की बात कहीं थी। जिस पर मृतक ने उसे मारने के लिए ईंट उठाई तो उसने भी दूसरी ईंट उठाकर सिर पर मार दी। जिससे युवक की मौत हो गई। उसके बाद वह घर चला गया था। बाद में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

