उन्नाव. उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना एक वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए हैं. उन्नाव में आयोजित एक शैक्षिक संगोष्ठी के दौरान राष्ट्रगान बजने के बीच उनके गाड़ी की ओर जाने का वीडियो सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- इमरान मसूद के भतीजे का फेसबुक लाइव, बहन के साथ ज्यादती के गंभीर आरोप, शादान-शायान पर बड़ा हमला

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद शुरू हुआ राष्ट्रगान

जानकारी के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना उन्नाव में शैक्षिक संगोष्ठी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे. कार्यक्रम स्थल पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद राष्ट्रगान शुरू हुआ. वायरल वीडियो में सतीश महाना राष्ट्रगान के दौरान हाथ जोड़े हुए अपनी गाड़ी की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही वह अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए.

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. लोग सवाल उठा रहे हैं कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के राष्ट्रगान के दौरान वहां से चले जाने की वजह क्या थी. हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं. यह भी साफ नहीं है कि विधानसभा अध्यक्ष के वहां से जाने के पीछे कोई आधिकारिक या प्रोटोकॉल से जुड़ी वजह थी या नहीं.

इसे भी पढ़ें- ‘अखिलेश यादव फिजूल की बातें बोलते हैं, पिछड़ों के आरक्षण पर चुप’ ओम प्रकाश राजभर का जोरदार हमला

आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार

इस मामले में अभी सतीश महाना या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है. इसलिए वायरल वीडियो को लेकर किए जा रहे दावों की पूरी तस्वीर आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. उन्नाव के कार्यक्रम से सामने आए इस वीडियो को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है. फिलहाल सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग राष्ट्रगान के दौरान विधानसभा अध्यक्ष के वहां से जाने की वजह जानना चाहते हैं.