लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने एक इंटरव्यू में कहा कि पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है और समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग की बातचीत अक्टूबर में पूरी करने का प्रयास होगा. उन्होंने गठबंधन में कांग्रेस के लिए कम से कम 150 सीटों की दावेदारी भी रखी है.
इसे भी पढ़ें- UP में मानसून की विदाई शुरू, कुशीनगर में बांध टूटने से 20 हजार लोग प्रभावित; इन 7 जिलों में बारिश का अलर्ट
150 से ज्यादा सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन में बराबर की हिस्सेदार है और सम्मानजनक सीट हिस्सेदारी चाहती है. उन्होंने कहा कि पार्टी 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि संख्या में थोड़ा बहुत ऊपर-नीचे होने पर बातचीत की गुंजाइश है.
सभी 403 सीटों पर संगठन तैयार कर रही पार्टी
गौतम के मुताबिक कांग्रेस सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रही है. उनका कहना है कि जिन सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी, वहां संगठन की जरूरत होगी और गठबंधन सहयोगी के खाते में जाने वाली सीटों पर भी पार्टी उसके लिए काम करेगी. कांग्रेस ने विधानसभा क्षेत्रों को ए, बी और सी श्रेणियों में बांटकर उम्मीदवारों को लेकर भी होमवर्क किया है.
अखिलेश यादव होंगे CM फेस: गौतम
मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर सवाल पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अगर सपा के साथ गठबंधन होता है तो अखिलेश यादव मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस फिलहाल मुख्यमंत्री पद का दावा नहीं कर रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता गठबंधन को मजबूत करना है.
इसे भी पढ़ें- दर्दनाक मंजर: एक साथ निकलीं तीन लाशें, शिक्षक के आखिरी सफर में उमड़ा सैलाब, हर आंख हुई नम
चंद्रशेखर-ओवैसी और मायावती पर भी रखी बात
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टियों को गठबंधन में शामिल करने के सवाल पर गौतम ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को प्राथमिकता देने वाले दलों का स्वागत किया जाएगा, लेकिन उनकी विश्वसनीयता की जांच जरूरी होगी. मायावती को लेकर उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है और इस पर फैसला बसपा प्रमुख को करना है. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस भविष्य में उत्तर प्रदेश में अपना संगठन मजबूत करना चाहती है.


