लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं. नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रदेश के 19 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. 92 गांवों की फसलें पानी में डूब चुकी हैं, जबकि 26 गांव पूरी तरह टापू बन गए हैं. इन गांवों का संपर्क आसपास के इलाकों से टूट गया है.

प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों तक नाव और मोटर बोट के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है. वहीं कई इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम भी जारी है.

इसे भी पढ़ें- पान मसाला पर योगी सरकार सख्त, कानपुर-लखनऊ में 15.70 करोड़ का संदिग्ध माल जब्त

प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर, घाटों पर बदले हालात

प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. दारागंज घाट की सीढ़ियां पूरी तरह पानी में डूब गई हैं, जिसके कारण अंतिम संस्कार के लिए लोगों को सड़कों का सहारा लेना पड़ रहा है. बड़े हनुमान मंदिर की सीढ़ियों तक गंगा का पानी पहुंच गया है. वहीं रिवर फ्रंट की सड़कों पर भी पानी बह रहा है.

वाराणसी के सभी घाट जलमग्न, छतों पर हो रही गंगा आरती

वाराणसी में गंगा नदी का विकराल रूप देखने को मिल रहा है. शहर के सभी 84 घाट पानी में डूब चुके हैं. अस्सी घाट पर जहां पहले दुकानें सजती थीं, वहां अब नावें चल रही हैं. दशाश्वमेध घाट पर होने वाली प्रसिद्ध गंगा आरती अब छत पर कराई जा रही है. वहीं ‘सुबह-ए-बनारस’ का मंच भी पानी में डूब गया है. वरुणा नदी का पानी अब रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगा है.

कानपुर में बस्तियों में घुसा पानी, हजारों लोग प्रभावित

कानपुर में गंगा के साथ-साथ पांडू नदी भी उफान पर है. निचले इलाकों की कई बस्तियों में पानी भर गया है. करीब 2 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं. कई घरों में 4 से 6 फीट तक पानी भर गया है, जिससे लोगों का राशन, घरेलू सामान और जरूरी चीजें खराब हो गई हैं.

58 जिलों में बारिश का अलर्ट, 25 अगस्त तक जारी रहेगा दौर

मौसम विभाग ने प्रदेश के 58 जिलों में बारिश की संभावना जताई है. 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 60 जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई. बहराइच में सबसे ज्यादा 79.4 मिमी और मेरठ में 67.8 मिमी बारिश हुई. शामली और बरेली में सड़कें तालाब में बदल गईं. बहराइच और मेरठ के मेडिकल कॉलेजों में भी बारिश का पानी भर गया.

इसे भी पढ़ें- कानपुर में Gen-Alpha का ‘मास्टरस्ट्रोक’: छोटी उम्र, बड़ा इरादा… जब बच्चों ने खुद मांगी अपने लिए स्कूल के पक्के कमरे

लखनऊ मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण यूपी में मानसून सक्रिय है. 25 अगस्त तक प्रदेश में रुक-रुककर बारिश जारी रहने का अनुमान है.