सतीश सिंह, लखनऊ. खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार सख्त कदम उठा रही है. इस क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA), उत्तर प्रदेश ने कानपुर नगर और लखनऊ में पान मसाला निर्माण इकाइयों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 15.70 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 339.69 क्विंटल संदिग्ध खाद्य पदार्थ एवं अपमिश्रक जब्त किया है. अभियान के दौरान 92 नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि 36.15 क्विंटल खराब और शीघ्र समाप्त होने वाली सामग्री (मूल्य लगभग 10.18 लाख रुपये) मौके पर नष्ट कराई गई है.
आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देशन में 52 खाद्य सचल दलों ने दोनों जनपदों की 55 पान मसाला निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया. इनमें 19 इकाइयां क्रियाशील मिलीं, जबकि 36 बंद पाई गईं. बंद इकाइयों में भी जांच की गई और जहां लाइसेंस की आड़ में अन्य कारोबार चल रहा था, वहां कारण बताओ नोटिस जारी कर लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए गए.
इसे भी पढ़ें : SHG से उद्यम तक: योगी सरकार शुरू करेगी ‘IIM मॉडल’ इन्क्यूबेशन सेंटर, महिलाओं को मिलेगी विशेषज्ञों की मदद
अपर आयुक्त (प्रशासन) रेखा एस. चौहान के नेतृत्व में कानपुर की 41 इकाइयों का निरीक्षण किया गया. इनमें 12 कार्यशील और 29 गैर-कार्यशील थीं. ग्रीनवर्थ इंटरप्राइजेज प्रा.लि. (एसएनके ब्रांड) का अपर आयुक्त ने स्वयं निरीक्षण किया. वहां गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 10 नमूने लेकर करीब 13.5 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई और इकाई का लाइसेंस निलंबित कर कारोबार बंद करा दिया गया. इसी तरह राधा रानी फ्रेगरेंस में एक ही परिसर में पान मसाला और तंबाकू का निर्माण मिलने पर लाइसेंस निलंबित कर परिसर सील कर दिया गया तथा 72 हजार रुपये की सुपारी जब्त की गई. एए फ्लावर्स इंटरनेशनल से 15.16 लाख, श्री कृष्णा फ्रेगरेंस से करीब 9 लाख, ओम एंड कंपनी से 19.5 लाख और त्रिमूर्ति फ्रेशनर एंड फ्लेवर्स से करीब 45 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई. कुल मिलाकर सक्रिय इकाइयों से 59 नमूने लिए गए और सात इकाइयों से 15 करोड़ रुपये से अधिक की खाद्य सामग्री एवं अपमिश्रक जब्त किए गए. दो इकाइयों के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि अन्य इकाइयों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया जारी है.
लखनऊ में कई बड़े ब्रांड निशाने पर
लखनऊ में राज किशोर सन्स 1972 प्रा.लि. (आरके ब्रांड) से 76 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई. परिसर में तंबाकू निर्माण पाए जाने पर उसे प्रतिबंधित किया गया और लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई. शिमला द बालाजी स्पेशल फ्लेवर्स प्रा.लि. (कायम ब्रांड) से करीब 38.54 लाख रुपये मूल्य की 3,404 किलोग्राम सामग्री, केवीएन एफएमसीजी प्रा.लि. (कमला पसंद एवं राजश्री ब्रांड) से 18.44 लाख रुपये मूल्य का 2,459.4 किलोग्राम कत्था पाउडर जब्त किया गया. इसी तरह
सत्य नारायण केशो राम प्रा.लि. (कलश ब्रांड) से सिंथेटिक परफ्यूमरी कंपाउंड, तंबाकू और सैकरीन जब्त किए गए. गोमती इंडस्ट्रीज प्रा.लि. से 59.38 लाख रुपये मूल्य की 12,307.4 किलोग्राम सामग्री और शिमला गोमती पान प्रोडक्ट्स प्रा.लि. से करीब 6.89 लाख रुपये मूल्य का 245 किलोग्राम पान मसाला जब्त किया गया.
इसे भी पढ़ें : अचानक पहुंची टीम, फिर 4 घंटे का हाई-वोल्टेज ड्रामा! कानपुर में खाद्य विभाग का घेराव कर व्यापारियों ने बंद कराया बाजार
प्रतिबंधित रसायन और एक परिसर में तंबाकू-पान मसाला निर्माण पर कार्रवाई
चार इकाइयों में औद्योगिक चूना, मैग्नीशियम कार्बोनेट, गैम्बियर, लिक्विड पैराफिन और प्रतिबंधित रंग से रंगी सुपारी जैसे हानिकारक अपमिश्रक मिले. इन सामग्रियों को जब्त या नष्ट कराने के साथ लाइसेंस निलंबन के निर्देश दिए गए हैं. दस इकाइयों में स्वच्छता और अन्य कमियां मिलने पर सुधार सूचना नोटिस जारी किए जा रहे हैं. इनमें चार इकाइयों में एक ही परिसर में तंबाकू और पान मसाला का निर्माण पाया गया, जो खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विक्रय एवं प्रतिषेध) विनियम, 2011 के विनियम 2.3.4 और विभाग के प्रतिबंध आदेश के विपरीत है. इन इकाइयों का लाइसेंस निलंबित कर निर्माण बंद कराया जा रहा है.

