सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण महिला उद्यमियों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है. उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के अंतर्गत इन्क्यूबेशन सेंटर शुरू करने को हरी झंडी दे दी गई है. यह सेंटर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित उद्यमों को तकनीकी और व्यावसायिक सहयोग उपलब्ध कराएगा.
इन्क्यूबेशन सेंटर को आईआईएम लखनऊ का तकनीकी सहयोग मिलेगा. इसके माध्यम से महिला उद्यमियों को बिजनेस प्लान, उत्पाद विकास, गुणवत्ता नियंत्रण, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल तकनीक, बाजार संपर्क और उद्यम विस्तार जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञ मार्गदर्शन व मेंटरिंग दी जाएगी. संभावनाशील उद्यमों को विशेषज्ञों, वित्तीय संस्थानों और बाजार के अवसरों से भी जोड़ा जाएगा.
इसे भी पढ़ें : UP और MP मिलकर खरीदेंगे 2000 मेगावाट पीक पावर, 10000 करोड़ के निवेश की संभावना
यूपीएसआरएलएम के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि यह सेंटर महिलाओं को उद्यम की पहचान और स्थापना से लेकर उसके सुदृढ़ीकरण, विस्तार और बाजार तक पहुंच बनाने में मदद करेगा. उद्देश्य केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहकर वास्तविक व्यवसायिक जरूरतों के अनुरूप सहयोग उपलब्ध कराना है.
अब आजीविका तक सीमित नहीं महिलाएं
अरुण कुमार ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब सिर्फ आजीविका गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बड़ी संख्या में अपने उद्यम स्थापित कर रही हैं. इन्क्यूबेशन सेंटर इन उद्यमों को तकनीकी मार्गदर्शन, विशेषज्ञ सहयोग और बाजार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा. आईआईएम लखनऊ के सहयोग से ग्रामीण महिला उद्यमी अपने व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित और विस्तार योग्य बना सकेंगी.

