लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 11 सीटों के चुनाव के लिए भाजपा ने छह और प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं. इसके साथ ही पार्टी ने सभी 11 सीटों पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं. चुनाव में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर मतदान होना है.
इसे भी पढ़ें- BREAKING: पूर्व IAS दिव्या मित्तल की राजनीति में एंट्री, बोलीं- किसी दल…
हरिकिशोर तिवारी समेत इन चेहरों पर दांव
भाजपा ने आगरा स्नातक सीट से कर्मचारी नेता हरिकिशोर तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से ध्रुव कुमार त्रिपाठी को टिकट दिया गया है. वहीं वाराणसी शिक्षक सीट से प्रमोद मिश्रा और वाराणसी स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है. मेरठ स्नातक सीट से दिनेश गोयल को मैदान में उतारा गया है. ध्रुव कुमार त्रिपाठी मौजूदा निर्दलीय एमएलसी रहे हैं और पिछले चुनाव में भाजपा के समर्थन से निर्वाचित हुए थे.
पहले पांच सीटों पर घोषित हो चुके थे प्रत्याशी
भाजपा इससे पहले पांच सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी थी. इनमें लखनऊ-सीतापुर स्नातक से अवनीश कुमार सिंह, लखनऊ-सीतापुर शिक्षक से उमेश द्विवेदी, आगरा स्नातक से मानवेंद्र प्रताप सिंह, मेरठ-सहारनपुर शिक्षक से श्रीचंद शर्मा और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से हरि सिंह ढिल्लो शामिल हैं. इस तरह पार्टी की 11 सीटों की सूची पूरी हो गई है.
23 अक्टूबर को मतदान, 27 को नतीजे
विधान परिषद की इन 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है. समाजवादी पार्टी पहले ही सभी 11 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है.
इन चुनावों में भाजपा और सपा के बीच कई सीटों पर सीधा मुकाबला है. वहीं कुछ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं. आगरा शिक्षक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर मुकाबला खास तौर पर चर्चा में है.


