लखनऊ. उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर मतगणना के दौरान कई जगह हंगामा हुआ. आगरा और गोरखपुर में रात भर विवाद चलता रहा. आगरा में सपा और भाजपा प्रत्याशियों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए. वहीं, मेरठ में भाजपा ने स्नातक और शिक्षक दोनों सीटें जीत ली हैं. बरेली, लखनऊ और वाराणसी से भी नतीजे सामने आए हैं. झांसी में सपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं.
आगरा में सपा-भाजपा प्रत्याशियों के आरोप
आगरा में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने मारपीट का आरोप लगाया. इसके बाद भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी मीडिया के सामने आए. उन्होंने अपना फटा कुर्ता दिखाते हुए आरोप लगाया कि सपा समर्थकों ने उनकी पिटाई की. मतगणना के दौरान आकाश अग्रवाल 13,087 वोटों के साथ आगे थे, जबकि हरि किशोर तिवारी को 9,337 वोट मिले थे. दोनों के बीच 3,750 वोटों का अंतर था.
गोरखपुर और लखनऊ में भी हंगामा
गोरखपुर में मतगणना के दौरान सपा ने बहिष्कार किया. पार्टी ने आरोप लगाया कि मतगणना में गड़बड़ी हो रही है और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाया जा रहा है. वहीं, लखनऊ में प्रवेश द्वार पर भाजपा और सपा नेताओं के बीच कहासुनी हुई. दोनों पक्षों में गाली-गलौज की भी खबर सामने आई.
मेरठ में भाजपा ने दोनों सीटें जीतीं
मेरठ में भाजपा ने स्नातक और शिक्षक दोनों सीटों पर जीत दर्ज की. स्नातक सीट पर दिनेश गोयल ने सपा के प्रमेंद्र सिंह भाटी को 12,855 वोटों से हराया. शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा ने सपा के नितिन तोमर को 13,241 वोटों से शिकस्त दी. बरेली में भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों करीब 20 हजार वोटों से जीते. लखनऊ शिक्षक सीट पर उमेश द्विवेदी ने जीत दर्ज की.
इसे भी पढ़ें- ‘मोदी की काशी’ में सपा ने लगाई सेंध! वाराणसी शिक्षक सीट पर 4,898 वोटों से दी करारी मात, जानें कैसे पलटा पूरा बाजी
वाराणसी में सपा की जीत, झांसी में बढ़त
वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की. वहीं, झांसी स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव 7,648 वोटों से आगे चल रहे थे. उन्हें 27,157 वोट मिले, जबकि भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 19,509 वोट मिले. 23 अक्टूबर को पांच स्नातक और छह शिक्षक सीटों पर मतदान हुआ था. कुल 152 प्रत्याशी मैदान में हैं. अन्य सीटों के नतीजों का इंतजार है.

