लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने बुधवार 5 जुलाई को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 72 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. लखनऊ, वाराणसी, मेरठ समेत करीब 65 शहरों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है.

इसे भी पढ़ें- “15 साल से साथ हैं…”, CM योगी से मुलाकात के बाद भावुक दिखे फ्लिपकार्ट CEO, बताया आगे का मास्टर प्लान

50 से ज्यादा शहरों में हुई झमाझम बारिश

मंगलवार सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय नजर आया. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मथुरा समेत 50 से ज्यादा शहरों में बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग के अनुसार, कन्नौज में सबसे ज्यादा 71 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी लखनऊ में 31 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य दैनिक औसत बारिश से करीब चार गुना अधिक बताई जा रही है.

मथुरा में अंडरपास डूबा, सड़कें बनीं तालाब

भारी बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिला. मथुरा में बारिश के बाद अंडरपास में करीब 4 फीट तक पानी भर गया. पानी में कई बाइक और स्कूटी फंस गईं. लोगों को घुटनों और कमर तक भरे पानी से गुजरना पड़ा. वहीं बाराबंकी में चार घंटे की तेज बारिश के बाद बस स्टेशन परिसर में जलभराव हो गया. उन्नाव, बलरामपुर और लखनऊ के कई इलाकों में भी सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं.

फर्रुखाबाद और बिजनौर में बाढ़ का संकट

लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनने लगी है. फर्रुखाबाद के अमृतपुर तहसील क्षेत्र के 24 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है और लोगों को नावों का सहारा लेना पड़ रहा है. बिजनौर में भी गंगा का जलस्तर बढ़ने से छह गांव प्रभावित हुए हैं. कई जगहों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने की सूचना सामने आई है.

इसे भी पढ़ें- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 5 August: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

अगले 4-5 दिन जारी रहेगी बारिश

लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसूनी सिस्टम अब उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय हो गया है. यह सिस्टम दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर गुजर रहा है, जिसके कारण कई चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हुए हैं. उन्होंने बताया कि गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाएं मजबूत हुई हैं. इसके प्रभाव से अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है.