आगरा. उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 के तहत भारत आये जापानी प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को ताजनगरी आगरा पहुंचकर अपनी पर्यटन यात्रा की शुरुआत की. गवर्नर कोटारो नागासाकी और उप-राज्यपाल जुनिची इशिदेरा के नेतृत्व में आए दल ने ताजमहल का दीदार किया और ब्रज की पारंपरिक संस्कृति का आनंद लिया. प्रतिनिधिमंडल के आगरा पहुंचने पर मयूर नृत्य और बम रसिया की प्रस्तुतियां दी गईं. जबकि पर्यटन विभाग की महानिदेशक डॉ. वेदपति मिश्र और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जेपी पैलेस में अतिथियों से मुलाकात कर दोपहर का भोजन किया.
इसे भी पढ़ें- न कानून का डर, न कानून के रखवालों काः भूमि विवाद में बवाल, अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम पर टूट पड़े ग्रामीण, VIDEO वायरल
ताजमहल की कारीगरी ने किया प्रभावित
भोजन के बाद दल ताजमहल पहुंचा. सफेद संगमरमर की इमारत की भव्यता और बारीक नक्काशी देख गवर्नर कोटारो नागासाकी अभिभूत नजर आए. उन्होंने कहा कि तस्वीरों में कई बार देखने के बावजूद इसे करीब से देखना बिल्कुल अलग अनुभव है. दूर से जितना भव्य लगता है, पास से इसकी बारीकियां और अधिक प्रभावित करती हैं. यामानाशी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष काजुहिको नाकामुरा ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद एक जगह से दूसरी जगह समय पर और सहज पहुंचने का अनुभव शानदार है. उप-राज्यपाल जुनिची इशिदेरा ने ब्रज संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा कि यात्रा की शुरुआत किसी इमारत से नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति के जीवंत अनुभव से होना बहुत खास रहा.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी! कांग्रेस का भाव चवन्नी, अठन्नी या रुपईया? ओपी राजभर ने किया पलटवार, राहुल गांधी से डरने की बात कहकर सीटों को लेकर भी किया बड़ा दावा
अब लखनऊ और पूर्वांचल की बारी
ताजमहल का दीदार करने के बाद शाम को प्रतिनिधिमंडल लखनऊ के लिए रवाना हो गया. जहां बैठक के बाद दल वाराणसी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के बौद्ध स्थलों का दौरा करेगा. पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आगरा जापानी प्रतिनिधिमंडल की यूपी यात्रा का पहला पड़ाव है. इसके आगे का सफर प्रदेश की विविधता की नई तस्वीर पेश करेगा. लखनऊ में अवधी मेहमाननवाजी और पूर्वांचल में बौद्ध-आध्यात्मिक रिश्तों का अनुभव होगा.

