लखनऊ. अखिलेश यादव ने आरएलडी का जिक्र कर ‘चवन्नी को रुपया’ बनाने की बात कही थी और सीट सेयरिंग को लेकर भी सत्ता पक्ष और सहयोगी दलों पर तंज कसा था. जिस पर अब सुभसपा सुप्रीमो और योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने करारा पलटवार किया है. ओपी राजभर ने पूछा है कि कांग्रेस का क्या भाव चल रहा है. साथ ही अखिलेश यादव की पार्टी का भाव भी पूछा. इतना ही नहीं दावा किया कि कांग्रेस आगामी चुनाव में 200 सीटें मांग रही है.

इसे भी पढ़ें- गांधी परिवार और उसकी जेबी कांग्रेस का…‘वंदे मातरम्’ के केवल 2 छंद को लेकर केशव मौर्य साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या कह दिया?

ओपी राजभर ने कहा कि मित्र अखिलेश जी, कैसे हैं? ठीक तो नहीं होंगे शायद क्योंकि कांग्रेस वाले आपको ठीक होने नहीं देंगे. ये बताइए कांग्रेस का भाव क्या है आज कल? चवन्नी, अठन्नी या रुपईया? अपना भी रेट बता दीजिए प्लीज़? हमें ताज्जुब इस बात का होता है कि आपसे अपना घर संभल नहीं रहा और आप हमारी चिंता में लगे हैं. हमारी चिंता छोड़िए महाराज.

आगे ओपी राजभर ने कहा कि चिंता कीजिए इमरान मसूद की. पहले भी आपकी पार्टी को रगड़ रहे थे, अभी भी रगड़े ही जा रहे हैं. कल भी देखा ही होगा आपने कि कैसे आपके खासमख़ास विधायक आशु मलिक को चाय बिस्कुट के नाम पर रगड़ाई करके मसूद जी हीरो बन रहे थे. ख़ैर, मसूद जी तो आपको भी समय-समय पर डोज देते रहते हैं, लेकिन वहां आप अपने बड़के भइया राहुल गांधी के डर से कुछ बोल नहीं पाते, इसलिए झल्लाकर इधर-उधर की बातें कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- शिक्षा, सवाल और सियासतः स्कूल ठीक करने को लेकर Zen Alpha के प्रदर्शन पर मायावती ने जाहिर की चिंता, सवाल उठाते हुए कर दी बड़ी अपील

ओपी राजभर ने ये भी कहा कि कांग्रेस वाले राजेंद्र पाल गौतम ने कह ही दिया है कि उन्हें 200 सीट चाहिए. कैसे देंगे 200, चिंता इसकी कीजिए ना. कांग्रेसी नेता आपको आए दिन घूम-घूमकर धमकी दे रहे हैं. आप की ही पार्टी की विधायक और आपकी सहयोगी अपना दल (कमेरावादी) को कितनी सीट दे रहे हैं, ये भी बता दीजिएगा. अखिलेश जी, मेरा नाम तो ओपी राजभर है. पीला गमछा मेरी पार्टी की पहचान है, हमारी अस्मिता है. हम महाराजा सुहेलदेव के वंशज हैं, ये मत भूलियेगा. जय भारत, जय श्री राम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराज सुहेलदेव.