अंबेडकरनगर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अंबेडकरनगर दौरे पर रहेंगे, जहां वह पूर्वांचल के प्रमुख धार्मिक स्थल गोविंद साहब से जिले के लिए 706.81 करोड़ रुपये की 194 विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. इन परियोजनाओं के जरिए टांडा, आलापुर और जलालपुर विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, पर्यटन, लोक निर्माण और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं को नई गति मिलेगी.
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान 158 परियोजनाओं का लोकार्पण और 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. लोकार्पित परियोजनाओं की कुल लागत 560.83 करोड़ रुपये, जबकि शिलान्यास होने वाली योजनाओं की लागत 145.98 करोड़ रुपये है. सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से बुनियादी सुविधाएं मजबूत होने के साथ रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा.
इसे भी पढ़ें- छात्र, युवा और संविधान विरोधी है BJP..! सांसद डिंपल यादव का तीखा हमला, चढ़ावा चोरी और युवाओं पर लाठीचार्ज को लेकर कही बड़ी बात
विधानसभावार देखें तो आलापुर को सबसे अधिक 312.18 करोड़ रुपये की 75 परियोजनाएं मिलेंगी. टांडा में 217.69 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाओं और जलालपुर में 176.93 करोड़ रुपये की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा. इनमें बड़ी संख्या में ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण और पुनर्निर्माण, पेयजल तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे. साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृतिपत्र और प्रमाणपत्र वितरित करेंगे. सरकार का कहना है कि धार्मिक पर्यटन, कौशल विकास और आधारभूत ढांचे को एक साथ मजबूत करने की यह पहल जिले के समग्र विकास को नई दिशा देगी.
इसे भी पढ़ें- योगी जी! प्रचार के लिए करोड़ों हैं तो युवाओं को… विज्ञापन में खर्च को लेकर बरसे चंद्रशेखर आजाद, घेरते हुए पूछे तीखे सवाल
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम का आयोजन सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराया जाए.


