मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने अयोध्या जिले की बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के आरडी इंटर कॉलेज के प्रांगण में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. यह जनसभा बीकापुर विधानसभा से पार्टी के प्रत्याशी देवेश के समर्थन में आयोजित की गई थी, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ा. मंच से बोलते हुए चंद्रशेखर आजाद ने राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला और जनता के सामने अपनी पार्टी का विजन रखा.

​झूठे मुकदमों और बदले की राजनीति पर प्रहार

​जनसभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर उनके खिलाफ तीन दर्जन (36) से ज्यादा झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए हैं, ताकि उनकी आवाज को दबाया जा सके. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि आजाद समाज पार्टी “बदले की नहीं, बल्कि बदलाव की राजनीति” पर विश्वास करती है. उन्होंने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग करके विपक्ष को डराने का दौर अब खत्म होना चाहिए.

इसे भी पढ़ें- ‘जन्मदिन पर फिजूलखर्ची की हद’… PM मोदी के बर्थडे सेलिब्रेशन पर भड़के अजय राय, BJP को घेरा

​पुलिसकर्मियों के हक में उठाई आवाज

​चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश पुलिस बल के जवानों और उनके परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने मांग की कि ​पुलिसकर्मियों से 12 से 16 घंटे काम कराने के बजाय उनकी ड्यूटी 8 घंटे तय की जाए. पुलिस विभाग में लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाए. ​पुलिसकर्मियों को उनके गृह जनपदों के पास तैनात करने के लिए बॉर्डर स्कीम को समाप्त किया जाए. ​पुलिस परिवारों के बेहतर जीवन स्तर के लिए अलग से आधुनिक क्वार्टर, बच्चों के लिए स्कूल और बेहतर अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.

​मजदूरों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई

​संसद में अपनी भूमिका का उल्लेख करते हुए आजाद ने कहा कि उन्होंने हमेशा शोषितों और वंचितों की आवाज उठाई है. उन्होंने दावा किया कि संसद के पटल पर उन्होंने मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी 753 रुपये प्रतिदिन तय कराने की पुरजोर लड़ाई लड़ी है. ​इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और ठप पड़ी भर्तियों को लेकर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि आज बीएड, बीटीसी अभ्यर्थी, डॉक्टर, संविदा कर्मचारी और युवा सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है.

इसे भी पढ़ें- जीवनसाथी बनी जी की जंजाल! किसी बात को लेकर हसबेंड-वाइफ में हुआ झगड़ा, फिर पत्नी ने जो किया जानकर रह जाएंगे हैरान

मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य का वादा

​आजाद समाज पार्टी के भावी एजेंडे को साझा करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. महिला सशक्तिकरण, कुटीर उद्योगों और स्थानीय गृह उद्योगों को बढ़ावा देकर महिलाओं को उनके घर पर ही सम्मानजनक रोजगार से जोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कक्षा 1 से 12वीं तक सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पूरी तरह से मुफ्त शिक्षा दी जाएगी. साथ ही, हर गांव-कस्बे तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी. क्षेत्र में खस्ताहाल सड़कों, बिजली संकट और पानी की किल्लत को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा.

​प्रत्याशी देवेश के लिए मांगा जनसमर्थन

​पार्टी के संगठनात्मक विस्तार पर जानकारी देते हुए आजाद ने बताया कि पार्टी अब तक 45 प्रभारियों की घोषणा कर चुकी है और जल्द ही प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जारी कर दी जाएगी. बीकापुर से प्रत्याशी देवेश को “जनता का बेटा” बताते हुए उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे देवेश को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजें, ताकि बीकापुर में विकास और न्याय की एक नई इबारत लिखी जा सके.