मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. जिस कचहरी परिसर को सबसे सुरक्षित माना जाता है, वहीं से एक कैदी पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया. घटना के बाद से पूरे प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. घटना सामने आने के बाद पुलिसिया सिस्टम के कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर हो रहा है.

इसे भी पढ़ें- देश से गद्दारी महंगी पड़ेगी! पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, UP पुलिस ने हथियार के साथ 52 आरोपियों को दबोचा

जानकारी के मुताबिक, फरार कैदी की पहचान दीपक कुमार उर्फ दीपू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दीपू दर्शननगर क्षेत्र का रहने वाला है और कैंट थाने में दर्ज एक मामले में आरोपी है. आज उसे एसीजीएम प्रथम (ACJM 1st) की अदालत में पेशी के लिए कचहरी लाया गया था. पेशी से पहले उसे कचहरी परिसर में बने लॉकअप में रखा गया था. इसी दौरान वह कोर्ट परिसर में बने कटघरे के पीछे से मौका पाकर भाग निकला. जब तक पुलिसकर्मियों को कुछ समझ आता, आरोपी परिसर से बाहर निकल चुका था।घटना के बाद कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई. वकीलों और फरियादियों की भीड़ इकट्ठा हो गई.

इसे भी पढ़ें- गांधी परिवार और उसकी जेबी कांग्रेस का…‘वंदे मातरम्’ के केवल 2 छंद को लेकर केशव मौर्य साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या कह दिया?

मामले की गंभीरता को देखते हुए SP सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी खुद मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. कचहरी परिसर और आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए CO के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और उसके सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. फरार होने के संबंध में अलग से अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

यह पहला मामला नहीं

गौरतलब है कि अयोध्या में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी जिला कारागार से दो कैदी फरार हो चुके हैं, जो आज तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. लगातार हो रही इन घटनाओं ने अयोध्या पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और लचर कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.