मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. नेपाल में हुई भारी मूसलाधार बारिश और वहां से नदियों में पानी छोड़े जाने के कारण अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी का रुख आक्रामक हो गया है. हालांकि, स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि नेपाल से छोड़े गए पानी के चलते आज तक जलस्तर में बढ़ोतरी होने की संभावना है, लेकिन कल से स्थिति में सुधार आएगा और पानी वापस कम होने लगेगा.
इसे भी पढ़ें- ‘DM अंकल, अंधेरे में डर लगता है…’ बच्चों की अपील पर 10 घंटे में गांव रोशन
3 तहसीलें प्रभावित, तटवर्ती इलाकों से निकासी जारी
बाढ़ से जिले की तीन मुख्य तहसीलें रुदौली, सोहावल और सदर सबसे ज्यादा प्रभावित होती हैं. प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी और बंधे के बीच फंसे परिवारों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक बाढ़ शरणालय स्थलों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है.
राशन, लंच पैकेट और पशु चारे का प्रबंध
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि संभावित खतरे को देखते हुए तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थीं. इससे पूर्व भी जब दो बार सरयू डेंजर लेवल (खतरे के निशान) तक पहुंची थी, तब सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई थीं. इस बार भी शरणालयों में रह रहे लोगों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, राशन किट और मवेशियों के लिए चारे के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें- आध्यात्म के साथ पर्यटन को बढ़ावाः दशरथ पथ बनेगा अयोध्या के विकास की नई धुरी, सरयू किनारे आकार लेगा नया क्षेत्र
पल-पल की निगरानी, अब तक कोई शिकायत नहीं
प्रशासन की टीमें 24 घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. डीएम ने बताया कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जायजा ले रहे हैं. फिलहाल कहीं से भी किसी तरह की अव्यवस्था या शिकायत सामने नहीं आई है. एक से दो दिनों में जलस्तर घटने के साथ ही जनजीवन वापस पटरी पर लौटने की उम्मीद है.


